चौबेबांधा में दो सड़क परियोजनाओं की शुरुआत, फोरलेन के लिए 236 करोड़ की घोषणा और महिला भवन का भी ऐलान
गरियाबंद/राजिम(गंगा प्रकाश)। आसमान से बरसती बारिश और जमीन पर विकास की नई उम्मीदें… चौबेबांधा में बुधवार को कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब राजिम विधायक रोहित साहू गैती लेकर सड़क निर्माण के भूमिपूजन के लिए पहुंचे। सड़क की मांग, बढ़ते आवागमन और क्षेत्र की जरूरतों के बीच हुए इस आयोजन ने राजिम विधानसभा में सड़क विकास को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज कर दी है।
विधायक ने पूजा-अर्चना के बाद गैती चलाकर सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। आपको बता दें कि राजिम-चौबेबांधा-नवागांव मार्ग के 3.30 किलोमीटर हिस्से के लिए 9 करोड़ रुपये तथा चौबेबांधा-सिंधौरी मार्ग के 3.60 किलोमीटर हिस्से के लिए 4.65 करोड़ रुपये की स्वीकृति बताई गई। इन सड़कों के बनने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। परियोजनाओं की कुल लागत को लेकर आंकड़ों में अंतर सामने आया है। कार्यक्रम विवरण में कुल 12 करोड़ 60 लाख रुपये बताया गया है, जबकि दोनों मदों का जोड़ 13 करोड़ 65 लाख रुपये है। ऐसे में वास्तविक स्वीकृत लागत की पुष्टि जरूरी है।

सभा में विधायक रोहित साहू ने कहा कि राजिम मेला नए मैदान में आने के बाद सड़क की चिंता उनके लिए प्राथमिकता रही है। लगातार मांग के बाद राजिम से चौबेबांधा तक टू-लेन सड़क की स्वीकृति मिली है। उन्होंने ग्रामीणों से निर्माण कार्यों की निगरानी करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क के साथ नाली कहां बनेगी और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं क्या होंगी, इसमें ग्रामीणों के सुझाव महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को जवाबदेह बनाने की बात भी कही।
👉 जरूर पढ़ें : चार साल में विकास कार्यों की ऐसी दुर्दशा ! खंडहर बनते निर्माण, अब वसूली प्रकरण ने बढ़ाई हलचल
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण राजिम से महासमुंद तक फोरलेन सड़क का ऐलान रहा। विधायक के मुताबिक, राजिम-फिंगेश्वर-महासमुंद मार्ग के लिए पहले 146 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए थे। इसके बाद अतिरिक्त 90 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने से कुल प्रस्तावित लागत 236 करोड़ रुपये हो गई है। सड़क में नाली, पुल-पुलियों सहित अन्य व्यवस्थाएं भी शामिल रहेंगी।

विधायक ने महिला समूहों की मांग पर महिला भवन बनाने की घोषणा की और चौबेबांधा में लक्ष्मी गणेश उत्सव समिति के रंगमंच के लिए राशि स्वीकृत होने की जानकारी दी।
👉 जरूर पढ़ें : सात दिन में क्या होगा फैसला? चौरहा सरपंच पर कार्रवाई की मांग, आंदोलन की चेतावनी
पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय ने क्षेत्रीय नेतृत्व और विकास कार्यों पर अपनी बात रखी। नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति नंदिनी ओंकार साहू, नंदिनी कोमल ढीढ़ी, विभिन्न नगरीय निकायों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संतोष कुमार सोनकर ने किया।
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि भूमिपूजन से आगे बढ़कर निर्माण कार्य कितनी तेजी, गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ धरातल पर उतरते हैं।





