रक्तदान महादान का संदेश लेकर आगे आया श्री रामराज युवा संगठन, जरूरतमंदों की मदद के लिए युवाओं ने बढ़ाए हाथ
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। समाज सेवा, जनसेवा और गौ सेवा के क्षेत्र में सक्रिय श्री रामराज युवा संगठन गरियाबंद ने अपने सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर स्थापना दिवस को मानव सेवा के संकल्प के साथ मनाया। इस खास मौके पर आयोजित रक्तदान शिविर में संगठन के सदस्यों, युवाओं और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा जरूरतमंद मरीजों की सहायता के उद्देश्य से स्वेच्छा से रक्तदान किया।
👉 जरूर पढ़ें : बारिश में भूमिपूजन, विकास के दावों की बड़ी तस्वीर! राजिम से महासमुंद तक बदलेगी सड़क की सूरत
संगठन की 12 वर्षों की यात्रा सामाजिक सरोकारों, जनकल्याणकारी गतिविधियों और सेवा भावना से जुड़ी रही है। जरूरतमंदों की मदद, सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में सहभागिता और गौ सेवा जैसे कार्यों के माध्यम से संगठन लगातार अपनी भूमिका निभाता आ रहा है। स्थापना दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन इसी सेवाभावी परंपरा को आगे बढ़ाने की एक सार्थक पहल के रूप में सामने आया।

इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी प्रकाश सोनी ने कहा कि रक्तदान महादान है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। उन्होंने युवाओं से समाजहित में आगे आने और रक्तदान सहित जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है तथा युवाओं की सकारात्मक भागीदारी से समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत किया जा सकता है।

कार्यक्रम के माध्यम से समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ने का संदेश दिया गया। संगठन ने भविष्य में भी ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ के उद्देश्य को प्राथमिकता देते हुए जनहित के कार्यों में सक्रिय रहने का संकल्प दोहराया।
👉 जरूर पढ़ें : चार साल में विकास कार्यों की ऐसी दुर्दशा ! खंडहर बनते निर्माण, अब वसूली प्रकरण ने बढ़ाई हलचल
शिविर की सफलता पर संगठन की ओर से सभी रक्तदाताओं, सदस्यों, सहयोगियों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर खीरसिंह यादव, आकाश तिवारी, भानु प्रकाश राजपूत, नवीन सिन्हा, आयुष सोनी, सौरभ साहू, कान्हा सिन्हा सहित महाविद्यालयों के विद्यार्थी एवं संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।





