गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहे चक्रवाती तूफान और अतिवृष्टि की आशंका के बीच गरियाबंद जिले के स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के आधार पर जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय गरियाबंद द्वारा 27 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान एवं अति बारिश की संभावना को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। आदेश में जिले के समस्त प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों को शामिल किया गया है।
👉 जरूर पढ़ें : योग और शिक्षा के क्षेत्र में ऐसा क्या किया मोनिका सिन्हा ने, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया सम्मानित
जारी आदेश के मुताबिक यह अवकाश शासकीय, अशासकीय तथा अनुदान प्राप्त सभी संबंधित विद्यालयों पर लागू होगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि आदेश तत्काल प्रभावशील रहेगा। यह निर्णय कलेक्टर गरियाबंद द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार लिया गया है।

अचानक घोषित हुए इस अवकाश से जिले के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को राहत मिली है। वहीं, मौसम की संभावित प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच प्रशासन का यह कदम बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने वाला माना जा रहा है।
👉 जरूर पढ़ें : जमीन किसकी, भुगतान किसके नाम? गरियाबंद में दो मामलों ने खड़े किए बड़े सवाल!
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने आदेश की प्रतिलिपि लोक शिक्षण संचालनालय, कलेक्टर गरियाबंद, संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग रायपुर, समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारियों तथा संबंधित संस्था प्रमुखों को आवश्यक सूचना एवं कार्रवाई के लिए प्रेषित की है।





