गरियाबंद(गंगा प्रकाश)। स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में गरियाबंद स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित संभाग स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में रायपुर संभाग के पांच जिलों से पहुंचे 132 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अब राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए रायपुर संभाग की टीम का चयन किया गया है।

प्रतियोगिता में गरियाबंद, रायपुर, महासमुंद, धमतरी एवं बलौदाबाजार जिले के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें 14 वर्ष, 17 वर्ष एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने विभिन्न मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ मुकाबले खेले। कई मैचों में खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली।
👉 जरूर पढ़ें: शासकीयकरण की मांग को लेकर फिर मुखर हुए पंचायत सचिव
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए रायपुर संभाग की टीम का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी अब राज्य स्तर पर संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। 14 वर्ष आयु वर्ग की बालक-बालिका राज्य स्तरीय प्रतियोगिता राजनांदगांव में 24 से 27 सितंबर तक आयोजित होगी। वहीं 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता सरगुजा में 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी।
अधिकारियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
प्रतियोगिता के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर, सहायक जिला सांख्यिकीय अधिकारी श्याम कुमार चंद्राकर एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी गजेंद्र ध्रुव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रायपुर संभाग का नाम रोशन करने की कामना की।

आयोजन को सफल बनाने में ब्लॉक नोडल संजीव साहू, रजनी भाया, गिरीश शर्मा, नितिन एच. बखारिया, होरी साहू, सुभाष शर्मा, नंदकुमार रात्रे, देवेंद्र बंजारी, नीलेश देवांगन, कैलाश साहू, वसीम कुरैशी, यश नारायण, आयुष मजुमदार, जय प्रकाश साहू, महेंद्र राजपूत, ईश्वर सेन, पंकज साहू, राम साहू, वत्सल गुप्ता, आराधना साहू, प्रिया साव, डोमेश्वर ध्रुव, बलिराम टण्डन, खिलेंश साहू, मुकेश्वरी पाल, महेंद्र यादव सहित आयोजन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों एवं सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
👉 जरूर पढ़ें:आरोपों की लंबी सुनवाई के बाद आया फैसला, घनश्याम नारंग समेत परिवार के सभी सदस्य दोषमुक्त
संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन से खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। अब चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रायपुर संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।





