छुरा विकासखंड से बड़ी संख्या में शिक्षक दुर्ग के लिए रवाना, BTI मैदान साइंस कॉलेज में होगा आंदोलन
छुरा (गंगा प्रकाश)। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन द्वारा शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 27 अगस्त 2026 से दुर्ग के BTI मैदान, साइंस कॉलेज में अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जा रहा है। आंदोलन में शामिल होने के लिए फेडरेशन विकासखंड छुरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं दुर्ग के लिए प्रस्थान करेंगे।

शिक्षक मोर्चा द्वारा प्रमुख रूप से सेवा सुरक्षा हेतु टीईटी की अनिवार्यता से मुक्ति, सहायक शिक्षकों के वेतन संबंधी विसंगतियों का निराकरण तथा पेंशन के लिए पूर्व सेवा अवधि की गणना सहित अन्य मांगों को लेकर आंदोलन का आह्वान किया गया है।
छुरा में अकीदत के साथ मनाया गया ईद मिलाद-उन-नबी, निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी
फेडरेशन पदाधिकारियों के अनुसार, शिक्षकों की लंबे समय से लंबित मांगों के निराकरण को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से यह अनिश्चितकालीन आंदोलन आयोजित किया जा रहा है। आंदोलन शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के गृह जिला दुर्ग स्थित BTI मैदान, साइंस कॉलेज में आयोजित होगा, जिसमें प्रदेशभर से शिक्षक शामिल होंगे।

छुरा विकासखंड से भी आंदोलन में अधिक से अधिक शिक्षक साथियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की गई है। इस अवसर पर फेडरेशन के जिला उपाध्यक्ष रुपेश शर्मा, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष ओम प्रभा साहू, जिला संयोजक फनेंद्र साहू, जिला महामंत्री पुरुषोत्तम देवांगन, विकासखंड छुरा के ब्लॉक अध्यक्ष धनंजय कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष त्रिलोक सिंह सेन तथा ब्लॉक सचिव पूनम चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
ईद मिलाद-उन-नबी पर गरियाबंद पुलिस ने चलाया साइबर जागृति अभियान
छुरा विकासखंड से आंदोलन में सहभागिता करने वालों में प्रमुख रूप से शकुंतला ध्रुव, अनसूया साहू, धर्मीन कंवर, कुंती भारती, भूपेश्वरी यादव, जमीला खातून, झरना दिव्य, चंद्रकला ठाकुर, फैलेंद्र ठाकुर, सरफुद्दीन साहिल, ललित नेम, सुशांत दिव्याकर एवं धर्मेंद्र मरकाम सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हैं।
फेडरेशन पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों की मांगों के निराकरण के लिए आंदोलन को मजबूती प्रदान की जाएगी। उन्होंने छत्तीसगढ़ के शिक्षक साथियों से अधिक से अधिक संख्या में BTI मैदान, साइंस कॉलेज, दुर्ग पहुंचकर आंदोलन में सहभागिता करने की अपील की है।





