गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस ने सभी मकान मालिकों से अपने-अपने किरायेदारोंकिरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जारी इस पहल का उद्देश्य अपराधों की रोकथाम, नागरिकों की सुरक्षा तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
पुलिस प्रशासन ने कहा है कि वर्तमान समय में सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक मकान मालिक की यह कानूनी एवं सामाजिक जिम्मेदारी है कि वह अपने मकान में रहने वाले प्रत्येक किरायेदार का स्थानीय थाना स्तर पर पुलिस सत्यापन कराए। सत्यापन से किरायेदारों का रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने में पुलिस को सहायता मिलेगी।
राम के नाम पर जुटी आस्था की राशि पर उठे सवाल, कांग्रेस ने भाजपा पर बोला हमला
समाधान ऐप से होगी ऑनलाइन प्रक्रिया
किरायेदारों के पंजीयन और सत्यापन की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस विभाग ने ‘समाधान ऐप’ का उपयोग अनिवार्य किया है। इसके माध्यम से मकान मालिक घर बैठे ही अपने किरायेदार की आवश्यक जानकारी दर्ज कर पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इससे थाना कार्यालय के अनावश्यक चक्कर लगाने की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी और डिजिटल माध्यम से रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा।
संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत दें सूचना
गरियाबंद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, अज्ञात किरायेदार या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस के टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा प्राप्त सूचना पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लापरवाही पड़ सकती है भारी
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किरायेदार की जानकारी छिपाना अथवा बिना पुलिस सत्यापन के किराए पर रखना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। इसलिए सभी मकान मालिक समय रहते अपने किरायेदारों का सत्यापन कराकर कानून का पालन करें और जिले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में पुलिस का सहयोग करें।
मासूमों के भविष्य की पुकार सुन भावुक हुईं नगर पंचायत अध्यक्ष, नशा और जुआ के खिलाफ छेड़ी निर्णायक मुहिम
गरियाबंद पुलिस ने आम नागरिकों से सुरक्षा संबंधी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा है कि सतर्क नागरिक ही सुरक्षित समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। किरायेदारों का समय पर सत्यापन न केवल संभावित अपराधों की रोकथाम में सहायक होगा, बल्कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
