शांति विजय और नवकार ज्वेलर्स में संयुक्त टीम की जांच, सोना-चांदी व कपड़ा कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों में दस्तावेजों और लेन-देन के रिकॉर्ड खंगालने की सूचना
गरियाबंद/राजिम (गंगा प्रकाश)। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोल लेवी स्कैम मामले में जांच की आंच अब राजिम-नवापारा के व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक पहुंचने की खबर से इलाके में हलचल मच गई है। आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की संयुक्त टीम ने राजिम और नवापारा क्षेत्र में छापामार कार्रवाई करते हुए कारोबारी विमल पारख और राजा पारख से जुड़े बताए जा रहे प्रतिष्ठानों में जांच शुरू की है। इस कार्रवाई के बाद व्यापारिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, संयुक्त जांच टीम शांति विजय एवं नवकार ज्वेलर्स में पहुंची, जहां सोना-चांदी और कपड़ा कारोबार से संबंधित गतिविधियों की पड़ताल किए जाने की सूचना है। बताया जा रहा है कि टीम कारोबार से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच कर रही है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान किन-किन बिंदुओं पर विशेष फोकस किया गया है, इसकी विस्तृत आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
👉 जरूर पढ़ें : सवालों के जवाब से गूंज उठी तालियां, अब राष्ट्रपति भवन में सम्मानित होंगे कोसमबुड़ा के 5 होनहार विद्यार्थी !
सूत्रों से यह भी जानकारी मिल रही है कि संबंधित कारोबारियों से जुड़े अन्य संभावित ठिकानों पर भी जांच की जा रही है। ऐसे में कार्रवाई का दायरा कितना व्यापक है और जांच के दौरान किन तथ्यों का खुलासा होता है, इस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।

कोल लेवी स्कैम को लेकर प्रदेश में पहले से ही जांच और कानूनी कार्रवाई चर्चा में रही है। ऐसे में राजिम-नवापारा में हुई इस कार्रवाई ने मामले को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दिया है। लेकिन जांच के निष्कर्ष सामने आने से पहले किसी भी कारोबारी की भूमिका अथवा संलिप्तता को लेकर अंतिम निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।
👉 जरूर पढ़ें : मौसम की एक करवट ने उजाड़ दी किसानों की उम्मीदों की तस्वीर! खेतों में क्यों बिछने लगी पककर तैयार धान की फसल?
फिलहाल संयुक्त टीम की कार्रवाई और जांच के विस्तृत परिणामों को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार है। अब बड़ा सवाल यही है कि जांच में कौन से दस्तावेज और वित्तीय तथ्य सामने आते हैं तथा क्या इस कार्रवाई से मामले की जांच को कोई नया सिरा मिलेगा?




