गरियाबंद/फिंगेश्वर(गंगा प्रकाश)। नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष दूजलाल बंजारे ने कहा कि सतनामी उत्थान एवं जागृति समिति के तत्वाधान में 25 वां रजत जयंती विवाह योग्य सतनामी युवक-युवती परिचय सम्मेलन 28 दिसंबर 2025, रविवार को खालसा स्कूल परिसर कचहरी चैक रायपुर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा। फिंगेश्वर नगर सतनामी समाज के अध्यक्ष संतोष मांडले ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष जय बहादुर बंजारे के नेतृत्व में प्रत्येक वर्ष यह सम्मेलन सफलतापूर्वक आयोजित होता आ रहा है। इस मंच के माध्यम से समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों को एक ही स्थान पर सहज रूप से वर-वधु चयन का अवसर मिलता है, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होती है। श्री मांडले ने कहा कि हर वर्ष बड़ी संख्या में योग्य जोड़े यहां तय होते हैं। कार्यक्रम में विधवा, विधुर, परित्यक्ता और तलाकशुदा प्रतिभागी भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि सम्मेलन स्थल पर कार्यक्रम दिवस में पंजीयन की विशेष सुविधा सुबह 10 बजे से उपलब्ध रहेगी। समिति ने प्रतिभागियों से आनलाइन पंजीयन कराने की अपील की है, ताकि भीड़ व असुविधा से बचा जा सके। प्रतिभागियों और उनके परिजनों के लिए भोजन की व्यवस्था भी समिति द्वारा की गई है।


